अलीगढ़, 27 मार्च। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के ‘बेमिसाल 8 साल’ पूरे होने पर प्रदेश भर में योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाई जा रही है। इसी कड़ी में अलीगढ़ के कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर में भी एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा।
उन्होंने भाजपा सरकार को किसानों, नौजवानों और महिलाओं के हितों के लिए प्रतिबद्ध बताया और समाजवादी पार्टी (सपा) पर करारा निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि पहले की सरकारों में धन की इतनी कमी थी कि कर्मचारियों की सैलरी तक देना मुश्किल हो जाता था, जबकि योगी सरकार के नेतृत्व में यूपी अब वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है।
मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि सरकार आने वाले समय में और भी बड़ी योजनाओं पर काम कर रही है, जिससे उत्तर प्रदेश देश की सबसे सशक्त अर्थव्यवस्था बन सके। उन्होंने जनता से भाजपा सरकार की नीतियों और विकास कार्यों में सहयोग देने की अपील की और कहा कि आने वाले वर्षों में उत्तर प्रदेश और भी नई ऊंचाइयों को छुएगा।
किसानों के लिए कटिबद्ध है भाजपा सरकार
मंत्री संदीप सिंह ने कार्यक्रम के दौरान किसानों के हित में भाजपा सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि हमारी सरकार बनते ही सबसे पहले किसानों को मजबूत करने का काम किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद किसानों के 36,000 करोड़ रुपये के ऋण माफ किए गए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हर वर्ग को बिना भेदभाव के लाभ पहुंचाया है, चाहे वह नौजवान हो, किसान हो या महिलाएं।
पिछली सरकारों में सैलरी तक देने के लाले, आज यूपी बना ‘रेवेन्यू सरप्लस स्टेट
कार्यक्रम में बोलते हुए मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि पिछली सरकारों में धन की इतनी कमी थी कि अपने ही कर्मचारियों की सैलरी तक देने में मुश्किल होती थी, लेकिन योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने आर्थिक प्रबंधन को सशक्त बनाया, जिससे उत्तर प्रदेश आज ‘रेवेन्यू सरप्लस स्टेट’ बन चुका है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है और संसाधनों की कोई कमी नहीं है।
यूपी वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर
मंत्री ने कहा कि योगी सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी नीतियों के कारण संभव हो पाया है। मंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश न केवल रोजगार और निवेश के मामले में अग्रणी है, बल्कि सुरक्षा और सुशासन का मॉडल भी बन चुका है।
पिछली सरकारों पर हमला, ‘योगी सरकार ने ख़त्म किया माफिया राज
मंत्री संदीप सिंह ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार और अराजकता चरम पर थी। उन्होंने कहा कि योगी सरकार आने के बाद माफिया राज खत्म हुआ और प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के चलते आज उत्तर प्रदेश गुंडाराज मुक्त होकर समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में सफल हो रहा है।